टावर एवं लाइनों का उचित मुआवजा दिलाने की मांग
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन द्वारा किसानों की भूमि पर टावर और हाई पावर लाइन बनाने का उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर कई गांवों के किसान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार से मिले। उन्होंने कहा कि मुआवजा मिलने तक टावर बनाने का काम बंद किया जाए। करीब 20 गांवों के किसान इससे प्रभावित हो रहे हैं।
शनिवार को एडीएम एफ से मिले किसानों ने कहा कि उत्तर प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कारपोरेशन उनके खेतों में टावर लगाने के साथ ही हाईटेंशन लाइन भी बना रहा है। इसके चलते उनकी भूमि की कीमत काफी गिर गई है। इसके अलावा फसल और पेड़ों का नुकसान हो रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि पावर कारपोरेशन इसके लिए उचित मुआवजा भी नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में पहले भी भूमि का अधिग्रहण हो चुका है। इसलिए टावर और हाईटेंशन लाइनों के लिए भी पावर ग्रिड कारपोरेशन और गेल इंडिया की तर्ज पर उचित मुआवजा दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि मुआवजा तय होने तक अपने खेतों में टावर बनने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि इस बारे में किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलेंगे। महेश कुमार, भोपाल सिंह, शेर सिंह, सोनू, कर्ण सिंह, राजकुमार, फैजान अली, संजीव, प्रमोद कुमार, सुरेश प्रधान, मांगेराम, रामकुमार, जगरोशन, अमन कुमार, नाथीराम, अनूप सिंह, आदि रहे।