गागलहेड़ी (सहारनपुर)। डीएम और पुलिस कप्तान ने शुक्रवार को थाना गागलहेडी में बनाए गए आगंतुक कक्ष का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने थाने का निरीक्षण किया।
थाना गागलहेड़ी पहुंचे डीएम पीके पांडेय एवं एसएसपी बबलू कुमार को एसओ जितेंद्र कुमार सिंह की टीम ने बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद डीएम व एसएसपी ने फीता काटकर आगंतुक कक्ष का उद्घाटन किया। इस मौके पर डीएम पीके पांडेय ने कहा कि गांवों में होने वाले झगड़ों को गांव स्तर पर ही निपटाया जाए। विवाद रहित ग्राम सभा को शासन द्वारा मिलने वाली निधि के अतिरिक्त अन्य मदों से विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही आदर्श गांव घोषित किए जाएंगे। उन्होंने उग्राहू के प्रधान प्रतिनिधि अरुण प्रताप सिंह राणा के गांव में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। डीएम ने आदर्श थाना गागलहेड़ी को आईएसओ सर्टिफिकेट के लिए जरूरी कार्य पूरा करने के बाद सर्टिफिकेट दिलाने की बात कही।
एसएसपी बबलू कुमार ने सीओ सदर इंदू सिद्धार्थ, एसओ जितेंद्र कुमार सिंह व टीम की सराहना की। उन्होंने चौकीदारों को हर समय सचेत व समय रहते सूचनाएं उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने गागलहेड़ी को जनपद का नंबर वन थाना घोषित किया। संचालन सीओ सदर इंदू सिद्धार्थ ने किया। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, एसपी देहात, वीएस मिश्रा, सीडीओ संजीव रंजन, सीओ सिटी द्वितीय मुकेश मिश्रा, सीएफओ तेजवीर सिंह, एसओ फतेहपुर भानु प्रताप सिंह, एसओ शैलेंद्र शर्मा, एसओ भगवानपुर राजीव चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
पूर्व विधायक जगपाल सिंह, भाजपा नेता महिपाल वाल्मीकि, भाजपा जिला मंत्री अरुण यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुनीश धीमान, बसपा नेता साद अली खान, राव बाबर, प्रधान सुधीर यादव, रविंद्र यादव, आजाद सिंह, कय्यूम, बिजनेश, कर्म सिंह सैनी, खुर्रम खान, पहल सिंह, अनिल गुप्ता, अंबेश शर्मा, योगेंद्र शर्मा, राजिक, मोहन लाल मेहंदीरत्ता, महेंद्र धीमान, दानिश मलिक आदि उपस्थित रहे।