देवबंद में तीन समितियों के सभापति निर्विरोध निर्वाचित
देवबंद (सहारनपुर)। किसान सेवा सहकारी समिति के चुनाव में मंगलवार को देवबंद क्षेत्र में तीन समितियों पर निर्विरोध सभापति निर्वाचित किए गए हैं जबकि कुछ स्थानों पर चुनाव के बाद नतीजे घोषित किए गए। वहीं, चुनाव के मद्देनजर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
गंझडी, बटोल, बचीटी, अंबहेटा शेखां, मझौल जबरदस्तपुर, जडोदाजट्ट में मंगलवार को सहकारी किसान समिति के सभापति उम्मीदवारों के लिए नामांकन किए गए। इसमें गंझेडी सहकारी समिति में नरेंद्र पंवार सभापति और राजेंद्र चौधरी उपसभापति, जडोदा जट्ट में राजेंद्र चौधरी सभापति और शकुंलता देवी उप सभापति, बचीटी सहकारी समिति में विभा सिरोही सभापति और साकेश कुमार र्निविरोध रूप से उप सभापति चुने गए। इसके अलावा भाटोल सहकारी समिति पर राजेंद्र सिंह, मझौल में कृष्णपाल, अंबहेटा शेखां सहकारी समिति पर योगेश त्यागी सभापति और प्रमोद त्यागी उपसभापति चुने गए। एसडीएम रामविलास यादव ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए हैं। वहीं, विजयी सभापति समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। जड़ौदा जट्ट में कांति कुमार, रामकुमार प्रधान, वेदपाल सिंह, ऋषिपाल सिंह, धर्मपाल आदि मौजूद रहे।
भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीते
देवबंद। किसान सेवा सहकारी समितियों के चुनाव में ज्यादातर स्थानों पर सत्ताधारी दल भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का कब्जा रहा। बचीटी, भाटोल, मझौल, अंबेहटा, जड़ौदा जट्ट समेत कई स्थानों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी र्िनर्विरोध चुने गए। सहकारी समितियों के चुनाव में मिली जीत के बाद अब पार्टी की नजर कापरेटिव चुनाव के चेयरमैन पद पर लग गई है।
चुनाव में लाइसेंसी हथियार लेकर पहुंचे समर्थक, हंगामा
देवबंद। हाशिमपुरा में सहकारी समिति के चुनाव में उस समय हंगामा हो गया जब बसपा जिला पंचायत सदस्य के समर्थक लाइसेंसी हथियारों के साथ चुनाव में मतदाताओं के साथ पहुंच गए। इसका ग्रामीणों ने विरोध किया। सूचना मिलते ही कोतवाल पंकज त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उक्त बसपा नेता के भाई समुद्र सिंह सैन और शोभाराम को लाइसेंसी बंदूकों के साथ पकड़ा। पुलिस ने दोनों लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली बैठा दिया। सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि आचार संहिता के आरोप में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।