सहारनपुर। जिला कारागार में एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। थाना जनकपुरी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। हालत बिगड़ने पर बंदी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
देवबंद के मोहल्ला पठानपुरा निवासी 74 वर्षीय दिलावर खान को कुछ समय पहले एक मामले में कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेजा था। शनिवार की आधी रात बंदीरक्षक ब्रह्मदेव सिंह ने दिलावर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दिलावर की हालत बिगड़ने की जानकारी दी । उपचार के दौरान बंदी की मौत हो गई। सूचना पर मृतक का भाई फरीद खान व परिजन रविवार की सुबह जिला अस्पताल पहुंच गए। थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण पता लग पाएगा।
मुकदमे की पैरवी करने पर हमले की रिपोर्ट
सहारनपुर। मुकदमे की पैरवी करने पर एक व्यक्ति पर हमला कर घायल कर दिया गया था। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सदर बाजार ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला रामूगेट निवासी राजीव कुमार पुत्र रामायण सिंह ने दर्ज कराए मामले में बताया कि वह कोर्ट में विचाराधीन भाई के एक मुकदमे की पैरवी कर रहा है। पिछले दिनों वह अपने वकील से मिलकर लौट रहा था। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पेपर मिल रोड पर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। क्षेत्र के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी फरार हो गए। तहरीर देने पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने अब कोर्ट के माध्यम से हमलारोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।