सरसावा (सहारनपुर)। सुबह के समय घनी धुंध के कारण बाइक तथा ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। मृतक दोनों छात्र एक ही गांव के निवासी थे।
सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम मंधोर के निवासी छात्र शिवम, रोहित तथा विजय तीनों रोजाना की तरह सुबह के समय सरसावा जा रहे थे। गांव के लोगों ने बताया कि शिवम तथा रोहित सरसावा के एक कालेज में स्नातक के छात्र थे। जबकि, विजय सरसावा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग कर रहा था। मंगलवार को तीनों बाइक से सुबह करीब 9 बजे सरसावा जा रहे थे, जैसे ही उनकी बाइक ढिक्का मंधोर तिराहे के समीप पहुंची अचानक सामने से एक ट्रैक्टर ट्राली आ गई। तेज गति से आ रही बाइक सीधे ट्राली से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि विजय उर्फ ईगल राणा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते देख चीनी मिल में गन्ना ले जा रहे किसानों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन बाइक चला रहे शिवम शर्मा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि, रोहित को जिला अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। छात्रों के पास मिले पहचान पत्रों के जरिये उनके परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों ने जब खून से लथपथ अपने बच्चों को देखा तो चीत्कार उठे। वहीं, गांव में भी दो नौजवान छात्रों की एक साथ मौत होने से मातम मच गया। शाम को गमगीन माहौल में दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों ने कार्रवाई करने से भी इंकार कर दिया।