ई-ट्रेडिंग में अधिकतम भागेदारी करने वाले सम्मानित
सहारनपुर (सहारनपुर)। राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना के तहत आयोजित ई-नेम दिवस पर ई-ट्रेडिंग में अधिकतम भागेदारी करने वालों को मंडी समिति की ओर से सम्मानित किया गया। साथ ही व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराया गया। शुक्रवार को नवीन मंडी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ई-ट्रेडिंग में अधिकतम भागेदारी करने वाली फर्म नैन सिंह एंड कंपनी के प्रोपराइटर ओमप्रकाश सैनी और रघुवीर सिंह, राजकुमार फर्म की रजनी गुप्ता को ई-नेम श्री की उपाधि से नवाजा गया। इसी प्रकार अधिक मात्रा में अपनी उपज को ई-ट्रेडिंग के माध्यम से बेचने वालों को भी सम्मानित किया गया। इसमें ग्राम मांडला के शक्ति सिंह और ग्राम हलालपुर के ओम कुमार को ई-नेम कृषक श्री की उपाधि से नवाजा गया। मंडी सचिव अनिल कुमार ने इनको प्रशस्तिपत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसमें नितीश कुमार, जगपाल सैनी, अनुराग चतुर्वेदी, अजय कुमार आदि रहे।
घी से मंडी शुल्क हटाने पर आभार जताया
सहारनपुर। उप्र उद्योग व्यापार मंडल ने प्रदेश सरकार द्वारा घी से मंडी शुल्क हटाए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया है। शुक्रवार को सीएम के नाम भेजे पत्र में व्यापार मंडल ने कहा कि उनका संगठन प्रांतीय अध्यक्ष श्याम बिहारी मिश्रा के नेतृत्व में लंबे अरसे से घी से मंडी शुल्क हटाने की मांग करता रहा है। उन्होंने सीएम से गुड़, दलहन, तिलहन और सभी प्रकार के खाद्यान्नों से भी मंडी शुल्क हटाने की मांग की। जिलाध्यक्ष शीतल टंडन, रामराजीव सिंघल, संजय भसीन, सरदार राजपाल सिंह आदि रहे।