अपने ही बिगाड़ेंगे अपनों का खेल
सहारनपुर। नगर पंचायतों और तीन नगर पालिकाओं पर भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा करने के बाद विरोध शुरू हो गया। पार्टी कार्यकर्ता ही अपने प्रत्याशी के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। भाजपा के अलावा कांग्रेस, सपा और बसपा में घमासान मचा है।
भाजपा हाईकमान ने मंगलवार को तीन नगर पालिकाओं और छह नगर पंचायतों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। भाजपा द्वारा नगर पंचायत नानौता के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद पार्टी के कार्यकर्ता ही प्रत्याशी के खिलाफ लामबंद हो गए। आलम यह है कि पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुट गए। जिले की सभी नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में यही हाल है। भाजपा के अलावा कांग्रेस, बसपा और सपा में भी घमासान मचा हुआ है। पार्टियों के प्रत्याशियों को कार्यकर्ता स्वीकार नहीं कर रहे हैं। ऐसे में चारों प्रमुख पार्टियों के सामने निकाय चुनाव के दौरान मुसीबत खड़ी हो गई है। अपने ही अपनों का खेल बिगाड़ने के लिए रणनीति तैयार करने में लगे हैं।