देवबंद (सहारनपुर)। असम यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एयूडीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने सोमवार को केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। नोटबंदी और जीएसटी को लेकर उन्होंने केंद्र पर देश की अर्थव्यवस्था को तबाह करने का आरोप लगाया। जबकि यूपी की योगी सरकार को उन्होंने हर मोर्चे पर विफल बताया।
सोमवार को दारुल उलूम की मजलिस-ए-शूरा की बैठक के उपरांत मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया बनाने के नाम पर केंद्र की भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को तबाह करके रख दिया। जबकि नोटबंदी और जीएसटी ने हर खास और आम आदमी की कमर तोड़ने का काम किया। उन्होंने गुजरात चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां विपक्ष के लिए अच्छा माहौल बना हुआ है। अगर विपक्ष ने समझदारी से काम लिया तो वहां से भारतीय जनता पार्टी का पतन शुरू हो जाएगा। मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने कहा कि भाजपा जनता को बुलेट ट्रेन का सपना दिखा रही है। जबकि भारत ट्रेन हादसों में अव्वल है। उन्होंने कहा कि यहां की अवाम को बुलेट ट्रेन नहीं बल्कि रोटी-कपड़ा और मकान चाहिए। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर भी मौलाना अजमल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यकायक अमित शाह की आमदनी में वृद्धि होना शक के घेरे में है इसलिए शाह की सीबीआई जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि यह सरकार अपनी विफलता को छुुपाने के लिए मदरसों को टारगेट कर रही है। जबकि जगजाहिर है कि मदरसों ने हमेशा मुल्क की तरक्की में अहम योगदान दिया और शांति का संदेश दिया है। मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने यह भी कहा नोटबंदी को लेकर उनकी पार्टी 8 नवंबर को कांग्रेस के साथ मिलकर आसाम में काला दिवस मनाएगी।