सहारनपुर। राजयोगी ब्रह्म कुमार भगवान भाई ने कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्मना अपराधी नहीं होता बल्कि कुसंगति, नशा, सिनेमा और क्रोध उसको अपराधी बना देता है।
रविवार को माउंट आबू राजस्थान से जाए राजयोगी भगवान भाई ने जिला जेल में कैदियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी को भी अपराध मुक्त बनाने के लिए उसे उसकी गलतियों का महसूस कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह कारागृह नहीं है बल्कि इसे अपने आप में सुधार लाने के लिए सुधारगृह मानना चाहिए। इसमें रहते हुए ही प्रण लेना चाहिए कि हम भविष्य में ऐसी गलतियां नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मानव जीवन अनमोल होता है उसे व्यर्थ के कर्म करके नहीं गंवाना चाहिए। एक सेकेंड का क्रोध अनेक वर्षों तक पश्चाताप कराता है। ब्रह्म कुमारी रानी बहन ने कहा कि राजयोग के नित्य अभ्यास से इंद्रियों को संयमित कर हम अपने जीवन को अपराध मुक्त बना सकते हैं। जेलर आरके मिश्रा आदि ने भी विचार रखे। इसमें बीके महेश, बीके सुधीर भाई, मेघराज भाई, राजेश शर्मा आदि रहे।
वोट बनवाने की मांग
सहारनपुर। इस्लाम नगर कालोनी निवासी दिलशाद अहमद ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर वार्ड संख्या 67 की कॉलोनियों में वोट बनवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगस्त से अब तक बार बार लिखित शिकायत करने के बावजूद इस्लाम नगर कॉलोनी, जम्मल कालोनी, गुड्डू कॉलोनी में करीब 1500 लोगों की वोट नहीं बनी है। इससे उन्हें मताधिकार से वंचित रहना पडे़गा। उन्होंने जिलाधिकारी पीके पांडे से वंचित लोगों की वोट बनवाने की मांग की।