रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में महिला सुरक्षा मांग रही छात्राओं पर असंवैधानिक तरीके से पुलिस द्वारा की गई लाठीचार्ज को लेकर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बीएचयू के वीसी को बर्खास्त करने और छात्राओं पर दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लिए जाने की मांग की।
गोचर महाविद्यालय के छात्र नेता रजत कुमार सिंहखेडा व भीम आर्मी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रोहित राज गौतम के नेतृत्व में बुधवार को छात्र-छात्राएं एक जुलूस के रूप में अपने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि बीएचयू की छात्राओं पर जिस प्रकार से पुलिस ने लाठीचार्ज किया है, उससे साफ हो गया है कि सरकार महिलाओं के अधिकारों का दमन कर रही है।
छात्र नेता रजत कुमार ने कहा कि जिन पुलिसकर्मियों ने छात्राओं पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया है, उन्हें सस्पेंड किया जाए और विश्वविद्यालय के वीसी गिरीश चंद त्रिपाठी को बर्खास्त। उन्होंने यह भी मांग की है कि जिन छात्राओं पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं उन्हें खारिज किया जाए। इस दौरान प्रदर्शन करने वालों में रजत गौतम, अजय, सोनू, हिमांशु, टिंकू, राहुल, अंकित, मनीषा, शेखर, राजन, खुशी गौतम, दीपाली, खुशबू आदि रहे।