सहारनपुर। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आतिया साबरी के घर पर किसी अनहोनी की आशंका के चलते संवेदनशील मानते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घर के बाहर ही नहीं अंदर भी कुछ पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया।
मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद शहर के तेलियों वाला चौक के पास स्थित आतिया साबरी के आवास के आसपास के क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए अधिकारियों ने पुलिस बल तैनात कर दिया। यहां पर आतिया साबरी के पिता मजहर हसन का मकान है। यहीं से आतिया तीन तलाक के खिलाफ संघर्ष की लड़ाई लड़ रही है। आतिया के पिता मजहर हसन और उनके भाई रिजवान साबरी इस लड़ाई में आतिया के साथ रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आतिया के घर पर हमला किया जा सकता है। समाज के कुछ लोग आतिया के खिलाफ पहले से ही हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद आतिया की जान को खतरा भी हो सकता है। आतिया साबरी के पिता मजहर हसन ने बताया कि सुबह ही उनके घर पर पुलिस आ गई थी। आतिया के पिता मजहर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला उनके हक में आने की सूचना के बाद से वह काफी सुकून महसूस कर रहे हैं। उन्हें अपनी बेटी की हिम्मत पर गर्व है। इस फैसले से तमाम महिलाओं को फायदा मिलेगा।