आंदोलन की राह पर शिक्षक संगठन
सहारनपुर। शिक्षक समस्याओं को लेकर संगठन आंदोलन की राह पर हैं। शिक्षकों के अनेक संगठनों ने आगामी दिनों में धरना और प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक सोमवार को मंडलीय मंत्री मुकेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई।
जिला मंत्री डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर संगठन का दो दिवसीय धरना और प्रदर्शन बीएसए कार्यालय पर होगा। 22 अगस्त को बीएसए कार्यालय पर धरने के बाद 23 को डीएम के माध्यम को मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से धरने में शामिल होने की अपील की। उधर, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संदीप पंवार ने 22 और 23 अगस्त को मंडलीय सहायक बेेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय पर धरना देने का एलान किया हुआ है। उन्होंने शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। कहा कि कुछ शिक्षक आंदोलन को कमजोर करना चाहते हैं, जिनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। उधर, एससी/एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन मुजफ्फरनगर में अपने साथियों के डिमोशन से नाराज है। आरोप है कि बीएसए मनमाने तरीके से दलित शिक्षकों का उत्पीड़न कर रहे है। मंडल अध्यक्ष विमल किशोर मौर्य ने चेतावनी दी कि यदि डिमोशन वापस न हुआ तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।