डेंगू का लार्वा मिला तो पांच हजार का जुर्माना
गंगोह (सहारनपुर)। कही आपके घर में डेंगू मच्छर का लार्वा तो नही पनप रहा। स्वास्थ्य विभाग घर-घर जाकर इसका सर्वे कर रहा है। सर्वे के दौरान यदि आपके घर में डेंगू मच्छर का लार्वा पाया गया तो आपको पांच हजार रुपये का जुर्माना देना पड़ेगा।
सीएचसी प्रभारी डा. अनवर अंसारी ने बताया कि जुलाई माह से डेंगू मच्छर के प्रकोप का समय आरंभ हो जाता है। पूरी ठंड पड़ने तक यानी अक्टूबर माह तक इसका खतरा लगातार बना रहता है। स्वास्थ्य विभाग इसे काबू पाने के लिए हर साल तैयारी करता है, लेकिन नागरिकों में जागरूकता के अभाव और लापरवाही के चलते डेंगू मच्छर पर काबू नहीं पाया जा सका है। उन्होंने बताया कि इस बार इस संबंध में नया शासनादेश जारी किया गया है। जिसके अनुसार सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर इसका सर्वे करेंगे। सर्वे के दौरान यदि किसी भी व्यक्ति के घर, घेर या अन्य किसी स्थान पर डेंगू मच्छर का लार्वा पाया गया तो गृह स्वामी से पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
क्या करें
अपने आसपास गंदगी एवं पानी जमा न होने दें। इसके अलावा घरों में रखे कूलर, पानी की टंकी, टायर, प्लास्टिक के बर्तनों में भी पानी इकट्ठा न होने दें, क्योंकि डेंगू मच्छर इन्हीं में पनपते हैं और दिन में काटते हैं। मच्छर के काटने से बचने के लिए शरीर को ढक कर रखे। मच्छरों से बचने के लिए रात में सोते समय मच्छरदानी अथवा क्रीम आदि अन्य साधनों का प्रयोग करें।