सहारनपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की गृह विज्ञान और इंटरमीडिएट की हिंदी विषय का प्रश्न पत्र देखकर छात्रों के चेहरे खिल गए। दोनों परीक्षाओं में 1215 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहे। सचल दल की टीमें परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करती रही।
परीक्षा मंगलवार को सुबह प्रथम पाली में साढ़े सात बजे शुरू होकर साढ़े दस बजे खत्म हुई। हाईस्कूल की गृह विज्ञान परीक्षा में बालिकाओं में 13 हजार 115 में से 670 और इंटरमीडिएट की साहित्यिक हिंदी विषय की परीक्षा में 10 हजार 117 में से 545 छात्र अनुपस्थित रहे। जनपद के 90 परीक्षा केंद्र पर परीक्षा संपन्न हुई।
नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए गठित की गई सचल दल की टीमों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करती रही। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा सिस्टम से भी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी गई। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की सामान्य हिंदी की परीक्षा हुई, जो दोपहर दो बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे खत्म हुई। डीआईओएस आरके तिवारी ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 1215 छात्र अनपुस्थित रहे।
अभी द्वितीय पाली में हुई परीक्षा में अनुपस्थित रहे छात्रों की संख्या का आंकड़ा नहीं आया है। दोनों पालियों में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। उधर, दोनों विषय के प्रश्न पत्र देखकर छात्रों के चेहरे खिल गए। देहरादून रोड स्थित सतयुग आश्रम मॉडल इंटर कॉलेज में हिंदी विषय की परीक्षा देकर बाहर आए इंटरमीडिएट के छात्र सोनू अग्रवाल, राजकुमार चौधरी, अब्दुुल रर्हमान ने बताया कि प्रश्न पत्र काफी अच्छा था। कोर्स में से ही पूरा पेपर आया है।
गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज में गृह विज्ञान की परीक्षा देने वाली छात्राएं रजनी शर्मा, शमा प्रवीन, सोनाली ने बताया कि गृह विज्ञान का प्रश्न पत्र अच्छा रहा। इंटरमीडिएट की छात्रा राजेश्वरी खन्ना, दीपिका अग्रवाल व रेशमा ने बताया कि हिंदी का प्रश्न पत्र भी आसान आया है। उनका एग्जाम अच्छा हुआ है।
सहारनपुर। जनपद में 90 केंद्र पर हुई यूपी बोर्ड की गृह विज्ञान और हिंदी की परीक्षा में कई कक्ष निरीक्षक अनुपस्थित रहे। डीआईओएस आरके तिवारी ने बताया कि अनुपस्थित रहने वाले कक्ष निरीक्षकों को नोटिस भेजे जाएंगे।