सहारनपुर में जिला अस्पताल में को वैक्सीन का टीका लगवाते पूर्व पार्षद
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोरोना रोधी वैक्सीन की दूसरी खुराक बृहस्पतिवार को पंजीकृत 1328 लोगों में से 1211 लोगों ने ली, जबकि पहली खुराक के लिए पंजीकृत लोगों में से मात्र 37.2 फीसदी ही वरिष्ठ नागरिक और बीमार लोग टीका लगवाने पहुंचे।
चार और पांच मार्च के टीकाकरण के लिए जनपद में कुल 31 केंद्र बनाए गए हैं। दो दिन में करीब 7200 लोगों को टीका लगाया जाना है। 5872 लोगों को पहली खुराक तथा 1328 लोगों को दूसरी खुराक टीके के रूप में दी जानी है। पहले दिन बृहस्पतिवार को पहली खुराक के लिए पंजीकृत 5872 के सापेक्ष 2186 वरिष्ठ नागरिक और 45 से 59 साल के वह लोग पहुंचे, जो बीमार हैं। वरिष्ठ नागरिकों में योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण ने अपनी धर्मपत्नी संग जिला अस्पताल पहुंचकर टीका लगवाया। पहले दिन मात्र 37.2 फीसदी लोगों ने टीके के रूप में पहली खुराक ली। दूसरी खुराक के लिए पंजीकृत 1328 लोगों के सापेक्ष 1211 लोग टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचे। इनका प्रतिशत 91.2 रहा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस सोढ़ी ने बताया कि जो लोग रह गए हैं, उन्हें शुक्रवार को टीका लगाया जाएगा। उन्होंने संबंधित लोगों को टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचकर टीका लगवाने की अपील की।