सहारनपुर। अनुबंध नहीं कराने पर जिला खान अधिकारी ने रहणा घाट का पट्टा निरस्त कर दिया है। साथ ही उसकी धरोहर राशि भी जब्त कर ली गई है। जबकि नुनियारी घाट के ठेकेदार ने अनुबंध कराकर रेत खनन शुरू कर दिया है।
खान अनुभाग ने जनपद में गत वर्ष मार्च में पांच घाटों की ई टेंडरिंग के माध्यम से नीलामी की थी। इनमें रहणा, नुनिहारी, दरिया बरामद, ढिक्का कलां और कालूवाला पहाड़ीपुर शामिल हैं। इनमें से कालूबाला पहाड़ीपुर का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। जबकि ढिक्का कलां और दरिया बरामद के मामले पर जन सुनवाई हो चुकी है। नुनियारी और रहणा घाट को पर्यावरण का अनापत्ति प्रमाण पत्र भी मिल चुका है। इनमें से रहणा घाट 20 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष और नुनियारी घाट 35 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष के लिए नीलाम हुए थे। पर्यावरण विभाग की एनओसी मिलने के बाद खान अनुुुुभाग ने दोनों ठेकेदारों को अनुबंध कराने के लिए पत्राचार शुरू कर दिया। इस पर नुनियारी घाट के ठेकेदार ने अनुबंध कर खनन करना शुरू कर दिया है। जबकि कई बार नोटिस भेजने के बावजूद अनुबंध नहीं कराने पर खान अधिकारी ने रहणा घाट का पट्टा निरस्त कर दिया।
जिला खान अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अनुबंध नहीं कराने पर रहणा घाट का पट्टा निरस्त कर दस करोड़ रुपये की धरोहर राशि जब्त कर ली गई है। उन्होंने बताया कि नुनियारी के ठेकेदार ने उन्हें आसपास अवैध खनन होनेे की शिकायत भी की है। पर्यावरण विभाग से अनापत्ति मिलने के बाद ढिक्का कला और दरिया बरामद घाट के ठेकेदारों से अनुबंध कराकर खनन शुरू करा दिया जाएगा।