सहारनपुर। कम से कम 7500 रुपये प्रति माह पेंशन कराने और उस पर महंगाई भत्ता दिए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर ईपीएस राष्ट्रीय संघर्ष समिति ने डिप्टी कलेक्टर एसपी सिंह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि विभिन्न मांगों को लेकर संगठन से जुडे़ लोग 23 से 26 जनवरी तक धरनास्थल पर क्रमिक अनशन करेंगे।
बृहस्पतिवार को डिप्टी कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में इंपलाई फैमिली पेंशन स्कीम राष्ट्रीय संघर्ष समिति ने कहा कि ईपीएस योजना 16 नवंबर 1995 से लागू की गई है। इसके तहत कर्मचारियों के वेतन से 12 प्रतिशत पीएएफ का अंशदान लिया जाता है और उतना ही अंशदान नियोक्ता भी जमा करता है। इस योजना के तहत सेवानिवृत्त कर्मचारियों को काफी कम पेंशन मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह पेंशन 200 रुपये से 2500 रुपये प्रति माह तक मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री से कम से कम 7500 रुपये प्रति माह पेंशन और उस पर महंगाई भत्ता देने, सभी पेंशनरों को और उनके पति, पत्नी को मुफ्त चिकित्सा सुविधा देने और जिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ईपीएस योजना में शामिल नहीं किया गया है, उन्हें शामिल करने या पांच हजार रुपये की राशि बतौर पेंशन देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर संगठन से जुडे़ सेवानिवृत्त कर्मचारी 23 से 26 जनवरी तक हकीकत नगर धरनास्थल पर क्रमिक अनशन करेेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, जिला संयोजक अशोक गुप्ता, जुल्फकार अहमद, मामचंद, रामपाल सिंह त्यागी, राजकुमार कोहली, शंकरलाल, सत्यपाल सिंह, ताहिर हसन, रविंद्र चौधरी, रमेश चंद तिवारी, चंद्रभान, ओमप्रकाश, जितेंद्र सिंह, जयपाल सिंह आदि रहे।