अलग प्रदेश के लिए 18 को भरेंगे हुंकार
छुटमलपुर। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की बैठक में अलग प्रदेश के गठन और किसानों के बकाया गन्ना भुगतान के लिए 18 फरवरी को गांधी पार्क में किसान रैली कर आरपार की लड़ाई का ऐलान किया गया। इसमें भीड़ जुटाने के लिए पदाधिकारियों ने आसपास के जिलों में भी संपर्क करना शुरू कर दिया है।
क्षेत्र के गांव अल्लीवाला में आहूत बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियां किसानों को आत्महत्या के लिए विवश कर रही हैं। भाजपा की सरकार देश के केवल पांच फीसदी अमीरों के लिए काम कर रही है। यूपी की 119 चीनी मिलों पर 11 हजार करोड़ रुपये का बकाया है। पिछले सालों में देरी से किए गए गन्ना भुगतान का ही तीन हजार करोड़ रुपये बकाया है। ब्याज के लिए कोर्ट ने आदेश कर दिए हैं। लेकिन मिल मालिक इस रुपये को नहीं दे रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने कहा कि गन्ने का भाव 550 रुपये प्रति क्विंटल करने, पृथक राज्य के गठन और बकाया गन्ना भुगतान करने आदि समस्याओं के निराकरण को लेकर 18 फरवरी को सहारनपुर के गांधी पार्क में किसान रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से सरकार को चेताने का काम किया जाएगा। इस दौरान चौ महिपाल सिंह, सुंदरपाल सिंह, सोमपाल सिंह, भगवान सिंह, सतेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, चौ सुदेशपाल सिंह, दिक्षीत पाल सिंह, कोमिल सिंह, तेजपाल सिंह आदि ने भाग लिया। अध्यक्षता प्रधान मनोज चौधरी और संचालन भगत सिंह कल्लू ने किया।