गत पेराई सत्र का तत्काल बकाया भुगतान करने के निर्देश
सहारनपुर। जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने गत पेराई सत्र की बकाएदार शुगर मिलों को तत्काल बकाया भुगतान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शुगर मिल नियमानुसार 14 दिन के अंदर गन्ना मूल्य भुगतान करें।
बृहस्पतिवार को गन्ना भवन में आयोजित केन इंपलीमेंटेशन की बैठक में जिला गन्ना अधिकारी ने गांगनौली और गागलहेड़ी शुगर मिल को गत सीजन का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान तत्काल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शुगर मिलें मौजूदा पेराई सत्र के गन्ना मूल्य का 14 दिनों के अंदर भुगतान करें। उन्होंने क्रय केंद्रों पर समानुपातिक गन्ना खरीद करने के निर्देश देते हुए कहा कि ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक और सचिव चीनी मिलों केे एस्क्रो अकाउंट को नियमित रूप से चेक करें।। डीसीओ ने गन्ना खरीद में पीछे चलने वाले क्रय केंद्रों का इंडेंट बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को गन्ना माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान सभी चीनी मिलों के प्रबंधक, सभी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना विकास समितियों के सचिव आदि रहे।