बेहट (सहारनपुर)। क्षेत्र के गांव मीरगढ़ में अपनी ससुराल में आए युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिवार के लोगों ने पुलिस को लिखकर दे दिया कि बीमारी के कारण मौत हुई, जिस कारण पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मिर्जापुर क्षेत्र के गांव नोगवा निवासी रोहित की ससुराल बेहट क्षेत्र के गांव मीरगढ में है। कुछ दिन से रोहित की पत्नी अपने मायके आई हुई थी। बुधवार को रोहित अपनी पत्नी को ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा। इसी दौरान ससुराल में उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसको अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर बेहट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने लिखकर दे दिया कि रोहित की मौत बीमारी के कारण हुई है। बेहट कोतवाली प्रभारी छोटे सिंह का कहना है कि युवक की मौत बीमारी के कारण होनी बताई गई और परिजनों ने यही लिखकर दिया। इस कारण शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।