फांसी के फंदे पर लटकी विवाहिता
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। गांव बुढढाखेडा में एक विवाहिता बुधवार की सुबह फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गागलहेड़ी थाने के गांव बुढढ़ाखेड़ा अहीर निवासी अनुज पुत्र रामकुमार मंगलवार की रात कंपनी में ड्यूटी पर गया हुआ था। बुधवार की सुबह जब वह घर पहुंचा तो देखा कि उसका कमरा अंदर से बंद है। इस पर उसने घर के अन्य सदस्यों से जानकारी की तो कोई जवाब नहीं दे सका। इसके बाद परिजनों ने किसी तरह तरह दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देख उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। अंदर अनुज की तीस वर्षीय पत्नी बबली फांसी के फंदे पर लटकी थी। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। मृतका अपने पीछे दो साल का एक बेटा छोड़ गई है। थानाध्यक्ष दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इंकार किया है फिर भी मौत की असली वजह पता करने के लिए शव का पीएम कराया जा रहा है।