सहारनपुर। मतदाता सूची से कथित तौर पर अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम हटाने के मामले को कांग्रेस मुद्दा बना सकती है। यह मामला सपा के शहर विधायक ने उठाया था। अब कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में अहमद पटेल के आवास पर बैठक कर मुख्य निर्वाचन आयोग से मिलने का निर्णय लिया। वहीं सहारनपुर से कांग्रेस के दोनों विधायकों ने लखनऊ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर प्रकरण से अवगत कराया और जांच की मांग की।
कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी ने बताया कि मामले में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद सुबूत लेकर बुधवार को दिल्ली पहुंचे। राज्य सभा सदस्य अहमद पटेल के आवास पर बैठक हुई, जिसमें अहमद पटेल के साथ ही मनु सिंघवी, मनीष तिवारी सहित कई कांग्रेस नेता शामिल हुए। मामले से मुख्य निर्वाचन आयोग को अवगत कराने का निर्णय लिया गया। उधर, सहारनपुर देहात से कांग्रेस विधायक मसूद अख्तर और बेहट विधायक नरेश सैनी ने भी बुधवार को लखनऊ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर मामले से अवगत कराते हुए जांच की मांग की। जावेद साबरी ने बताया कि पार्टी ने न्याय नहीं मिलने की स्थिति में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि मामला केवल वोटर लिस्ट से नाम हटाने का नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकारों को खत्म करने का है। यदि सहारनपुर में ऐसा हो रहा है, तो हो सकता है प्रदेश के अन्य जनपदों में भी ऐसा ही किया गया हो। उन्होंने इसे प्रदेश के अल्पसंख्यक मतदाताओं के अधिकारों पर हमला बताया। उन्होंने बताया कि मामले में पार्टी पुरजोर तरीके से लड़ेगी तथा कार्रवाई कराकर रहेगी। ---