मिश्रित आबादी में पुलिस रहेगी अलर्ट
देवबंद। अयोध्या में रविवार को धर्म सभा का आयोजन होगा, जिसमें हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पहुंचेंगे। वहीं, देवबंद में भी शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस सतर्क रहेगी।
रविवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की तरफ से अयोध्या में धर्म सभा का आयोजन किया जा रहा है। वहीं एक दिसंबर को देवबंद से शंखनाद रैली भी होनी है, जिसके चलते देवबंद में भी पुलिस सतर्कता बरत रही है। मालूम चला है कि रविवार को देवबंद की मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती रहेगी। ताकि किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल कार्रवाई हो सके। सीओ देवबंद सिद्धार्थ सिंह का कहना है कि सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क रहेगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।