बेहट (सहारनपुर)। हरियाणा से यमुना नदी के रास्ते आते समय डूबे नसीम का 36 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर नसीम को तलाश करने में उनकी कोई मदद नहीं करने का आरोप लगाया है।
सोमवार की सुबह हरियाणा से यमुना नदी के रास्ते आते समय मिर्जापुर निवासी नसीम (35) डूब गया था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका था। देर शाम पुलिस भी मौके पर गई थी, लेकिन कुछ देर तलाश कराने के बाद लौट आई थी, जबकि परिजन ग्रामीणों के साथ पिछले 36 घंटे से यमुना नदी में डेरा डाले हुए है। मंगलवार को भी दिनभर परिजनों ने नसीम की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। मिर्जापुर के ग्राम प्रधान मोहम्मद जावेद इकबाल भी मौके पर पहुंचे और हरियाणा के सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात कर हथिनीकुंड बैराज से पानी बंद कराया। देर शाम तक नसीम की तलाश जारी थी। तलाश करने वालों में शामिल पूर्व प्रधान रिजवान, आलिम प्रधान, नौशाद प्रधान, सुलेमान मलिक, आबिद, मोना, साजिद, अहसान, वाजिद आदि का आरोप था, कि पुलिस प्रशासन उनकी कोई सहायता नहीं कर रहा है। उधर, थाना मिर्जापुर की हथनीकुंड़ बैराज पुलिस चौकी के इंचार्ज रोहन सिंह ने बताया कि नसीम पैर फिसलने के कारण जिस जगह पर यमुना नदी में गिरा था, वह क्षेत्र हरियाणा का है। फिर भी उनके द्वारा जो भी संभव मदद हो सकती है, वह की जा रही है।