लालो नदी का पुल मंजूर, निर्माण सामग्री पहुंचनी शुरू
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। सुंदरपुर-शाकंभरी मार्ग स्थित लालो नदी के दो साल से टूटे पड़े पुल के पुन निर्माण की मंजूरी से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। पुल के निर्माण से सौ 100 से भी ज्यादा गांवों के हजारों लोगों को बरसात के दिनों में आवागमन की सुविधा मिलेगी।
वर्ष 2016 में हुई भारी बरसात के दौरान सुंदरपुर शाकंभरी मार्ग स्थित तोता टांडा गांव के समीप लालो नदी का पुल नदी में आई बाढ़ के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे लोगों को बरसात के दिनों में नदी में पानी आ जाने के बाद आवागमन में समस्या का सामना करना पड़ता था। मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता था। पानी उतरने के बाद ही ग्रामीण एक तरफ से दूसरी तरफ आ जा पाते थे। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से पुल के पुन निर्माण की मांग उठाई जा रही थी। अब पुल निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। ग्राम सभा प्रधान कुर्डीखेड़ा सुलेख चंद पंवार व खुशहालीपुर की महिला प्रधान गीता राणा, तोता टांडा निवासी अंकित वालिया, महावीर सिंह, राजकुमार कांबोज, सतपुरा निवासी राजेंद्र सैनी, रविंद्र कुमार, खुशहालीपुर के विजय कुमार, मोनी कुमार, नरेंद्र तोमर, बाबूराम राठौर आदि ने इसके निर्माण पर खुशी जताई है। लोनिवि के जेई आनंद पाल ने बताया कि लालो नदी पर जल्द ही सेतु निगम द्वारा पुल का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए निर्माण सामग्री मौके पर पहुंचनी शुरू हो गई है।