तिरपाल उठाने ट्रक पर चढ़ा क्लीनर करंट से झुलसा
देवबंद (सहारनपुर)। मंगलौर रोड पर हवा में उड़ी तिरपाल को उठाने ट्रक के ऊपर चढ़ा क्लीनर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। उसे सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बुलंदशहर जनपद के थाना गुलावटी के गांव कोहली निवासी विपिन पुत्र नानक ट्रक क्लीनर है। बृहस्पतिवार की सुबह विपिन ट्रक द्वारा मंगलौर की तरफ जा रहा था। चंदपुर गांव के समीप पहुंचते ही तेज हवा में ट्रक पर रखी तिरपाल उड़ गई। विपिन जब उसे उठाने ट्रक पर चढ़ा तो ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे देख लोगों के होश उड़ गए। चालक ने राहगीरों की मदद से घायल को ट्रक से नीचे उतारकर पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे क्लीनर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
ज्ञात रहे कि चंदपुर गांव के निकट एचटी लाइन के तार जर्जर होने से पूर्व में भी बड़ा हादसा हो चुका है। बावजूद इसके पावर कारपोरेशन निगम ने जर्जर तारों को नहीं बदला। जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया परिचालक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। विद्युत निगम की टीम को मौके पर भेजकर आपूर्ति बंद करा दी गई है।
एक सप्ताह में हाईटेंशन तारों के कारण तीसरा हादसा
देवबंद। हाईटेंशन तारों के कारण क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर तीन हादसे हो चुके हैं। जिनमें एक व्यक्ति की मौत जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग झुलस गए हैं। करीब पांच दिन पूर्व चंदेना कोली गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मिस्त्री विजय भटनागर उर्फ बीजा की दर्दनाक मौत हो गई थी। इतना ही नहीं बुधवार की शाम देवबंद गंगोह बाईपास पर उर्दू दरवाजे के निकट एचटी लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। करंट की चपेट में आकर मोहल्ला अब्दुलहक निवासी उजैर (10) पुत्र गुफरान और उवैस (11) झुलस गए थे। जबकि साइकिल से जा रहे दो बच्चे भाग खड़े हुए। लेकिन साइकिल के तारों से टकराने के कारण उसमें आग लग गई। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अनेक जगहों पर हाईटेंशन लाइन जर्जर हालत में है। लेकिन विभागीय अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं जिस कारण आएं दिन हादसे हो रहे हैं।