गागलहेड़ी (सहारनपुर)। दया शुगर मिल गेट पर तीसरे दिन भी स्थाई कर्मचारियों का धरना जारी रहा। प्रबंधन द्वारा वार्ता के लिए दो दिन का समय मांगने के बाद भी कर्मचारियों से कोई बात नहीं की गई। इसे लेकर कर्मचारियों ने अपने बीबी बच्चों को भी धरने में शामिल करने की चेतावनी दी है।
धरने पर बैठे स्थाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष संदीप यादव ने बताया कि दया शुगर मिल के जीएम अली मोहम्मद ने सभी कर्मचारियों से बात करके दो दिन के अंदर एमडी से बात करके मामला सुलझाने का वादा किया था लेकिन, तीसरा दिन होने के बाद भी प्रबंधन कि ओर से कोई बात यूनियन से नहीं की गई। यूनियन अध्यक्ष ने बताया कि धीरे धीरे मिल के सभी उच्चाधिकारी मिल परिसर से गायब हो गये। अब तक किसी भी अधिकारी ने किसी भी स्थाई कर्मचारी से बात नहीं की है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि यदि दो दिन के अंदर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन सभी स्थाई कर्मचारी अपने बीवी बच्चों के साथ मिल गेट पर अनिश्चितकालीन समय के लिए धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
धरने पर बैठने वालों में नवीन त्यागी, कंवरपाल, संजय कुमार, अंकित, हंसराम, कुलदीप, राजकुमार, पवन त्यागी, जितेंद्र कुमार, ललित पंवार, अनुज राना, हुसैन, असमीर, सतेंद्र शर्मा, देवेंद्र शर्मा, तेजपाल, अजय और रणबीर सिंह मौजूद रहे।