बड़गांव (सहारनपुर)। चीनी मिलों द्वारा गन्ना भुगतान नहीं करने पर किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। आगामी फसलों की बुआई के लिए खाद, बीज, दवाइयां आदि की खरीद किसान नहीं कर पा रहे हैं।
गन्ना बुआई, गन्ने की फसल की देखरेख, कीटों से बचाव, धान की पौध आदि तैयार करने के लिए किसानों को हर समय पैसा चाहिए लेकिन गन्ने का भुगतान नहीं होने से किसान खाली हाथ है। किसान जनेश सिह ,जवाहर सिंह, रामबीर सिंह ने बताया कि नानौता चीनी मिल ने अभी तक जनवरी से आज तक का एक पाई का भी भुगतान नहीं किया है। गांगनौली चीनी मिल की भी कमोबेश यही स्थिति है। गन्ने का भुगतान नहीं होने से आगामी फसलों में दवाई व खाद लेना भारी पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार का आठ दिन बाद गन्ने के भुगतान करने के आदेश को मिलों ने ठेंगा दिखा दिया है। किसानों ने बताया कि पहले समितियां किसानों को उधार खाद देती थी लेकिन अब की बार समितियों ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। किसानों को नगद भुगतान के बाद ही खाद दी जा रही है।