सहारनपुर। एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि व्यापारी यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने में यातायात पुलिस का सहयोग करें। सीट बेल्ट और हेलमेट लगाकर हादसों में मौतों को कम किया जा सकता है। कप्तान ने आपराधिक गतिविधियों के मद्देनजर व्यापारियों को दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित व्यापारियों और पेट्रोल पंप स्वामियों की बैठक में एसएसपी बबलू कुमार ने उनकी समस्याएं सुनकर निस्तारण का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने प्रमुखता से ट्रैफिक की समस्या उठाई। एसएसपी ने कहा कि ट्रैफिक समस्या को दूर करने के लिए पुलिस बल का प्रयोग हो, यह आवश्यक नहीं है। व्यापारी शक्ति एक ऐसा माध्यम और प्लेटफॉर्म है, जिसके द्वारा वाहन चालकों को सीट बेल्ट और हेलमेट पहनने के लिए विवश किया जा सकता है। पुलिस हेलमेट और सीट बेल्ट के लिए लाइव चलाकर लोगों को जागरूक करेगी। प्रयास रहेगा कि हम सत प्रतिशत वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए विवश करें। अब चालकों के हेलमेट ना पहनने पर वाहन भी सीज किया जाएगा। विगत माह में व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का निराकरण कर दिया गया। एसएसपी ने दुकानों और प्रतिष्ठानों पर व्यापारियों से सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी।