नागल (सहारनपुर)। गांव भलस्वा ईशापुर में सड़क निर्माण में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच निर्माण कार्य रुकवा दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य कराने का आश्वासन देकर शांत किया।
नागल क्षेत्र के गांव से हाईवे तक करीब 1500 मीटर की सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। इस कार्य को ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री और मानकों की अनदेखी कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके विरोध में शुक्रवार की दोपहर एक बजे ग्रामीण इकट्ठा होकर मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद करा दिया। मजदूरों द्वारा ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना के बाद लोनिवि के एई सत्यप्रकाश और जेई राजेंद्र नेगी मौके पर पहुंचे। दोनों ने सड़क का निरीक्षण करने के बाद ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सड़क को दुबारा से मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा। इसके लिए ठेकेदार को निर्देशित किया जा रहा है। विरोध करने वालों में मुख्य रूप से दीपक राणा, मोहन सिंह, आजाद, अरुण राणा, टोनी, रामकिशन, बिल्लू शर्मा, कमलेश, नीरा, कुंता राधा, प्रेम सिंह आदि ग्रामीण शामिल रहे।