जिले के किसानों को मिलेंगे गत वर्ष के करीब 21 करोड़ रुपये
सहारनपुर। प्रदेश सरकार द्वारा सहकारी चीनी मिलों के लिए 125 करोड़ रुपये मंजूर किए जाने से जिले के किसानों को गत वर्ष का बकाया भुगतान जल्द होने की उम्मीद जग गई हैं। जिले की दोनों शुगर मिलों पर किसानों का गत वर्ष के लगभग 21 करोड़ रुपये बकाया है। हालांकि इस बार का बकाया गन्ना मूल्य भी 968 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
देर से ही सही प्रदेश सरकार द्वारा सहकारी चीनी मिलों को बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के लिए 125 करोड़ रुपये मंजूर किए जाने से जिले की दोनों सहकारी चीनी मिलों से जुड़े किसानों को गत वर्ष का बकाया पेमेंट जल्द मिलने की उम्मीद जगी है। राज्य सरकार ने सहकारी शुगर मिलों के लिए यह धनराशि गत वर्ष का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के लिए मंजूर की है। जिले की नानौता और सरसावा शुगर मिलों पर किसानों का करीब 21 करोड़ रुपये बकाया हैं। हालांकि इस बार का बकाया 968 करोड़ रुपये का भुगतान कराना भी गन्ना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा मंजूर की गई धनराशि से गत वर्ष का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराया जाएगा। उम्मीद है कि जल्द ही यह धनराशि किसानों के खाते में पहुंच जाएगी। इस बार के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के लिए भी शुगर मिलों पर दबाव बनाया गया है।