कूड़ा निस्तारण प्लांट का विरोध जारी, कई गांवों के लोग जुटे
सहारनपुर। बेहट रोड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाने का विरोध जारी है। सोमवार को भी कई गांवों के लोग एकजुट होकर जिलाधिकारी से मिलने कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण प्लांट को किसी अन्य स्थान पर लगाया जाए। यहां इसे नहीं लगने दिया जाएगा।
बता दें कि नगर निगम बने करीब नौ साल बीत चुके हैं। मगर नगर निगम अब तक कचरा प्रबंधन के लिए जमीन की तलाश नहीं कर सका है। शासन के आदेश पर पिछले कई महीने से प्रशासन कचरा निस्तारण के लिए जमीन की तलाश में जुटा है। पहले गागलहेड़ी क्षेत्र में जमीन तलाश की गई थी। लेकिन गागलहेड़ी की जमीन को रिजेक्ट कर बेहट रोड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए गांव माटकी झरौली में जमीन फाइनल की गई है। लेकिन इस प्लांट पर काम शुरू होने से पहले ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है।
सोमवार को ग्राम प्रधान घुन्ना विनोद कुमारी, ग्राम प्रधान रीढ़ी मोहिद्दीनपुर सलमा सहित अनेक प्रधानों के साथ माटकी, ताजपुरा, घुन्ना आदि के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यह प्लांट बनने से यहां बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि बेहट रोड से ही कई राज्यों से आने वाले श्रद्धालु मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। वे भी इससे प्रभावित होंगे। प्रस्तावित जमीन के पास मदरसा भी है। यहां आने वाले छात्रों को परेशानी होगी। इसलिए यह प्लांट किसी ऐसे अन्य स्थल पर ले जाया जाए जहां ऐसी समस्याएं न हों। महेश, मोहतरम, राशिद, विश्वासचंद्र त्यागी, अनस, सुलेख, सुनील, मुकर्रम, खुर्शीद, दानिश, कामिल, आजम, सोमेश त्यागी, अरशद, विनय कुमार, इकराम आदि शामिल रहे।