देवबंद (सहारनपुर)। महाराष्ट्र में दारुल उलूम के सफीर (चंदा लेने वाले) मौलाना अय्यूब कासमी के साथ मारपीट किए जाने पर दारुल उलूम समेत देवबंदी उलमा ने कड़ा रोष व्यक्त किया है।
दारुल उलूम ने देशभर में चंदा इकट्ठा करने के लिए अपने सफीर छोड़ रखे हैं। जो पूरी ईमानदारी के साथ अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र के एक इलाके की एक मस्जिद में संस्था के सफीर मौलाना अय्यूब कासमी से चंदा इकट्ठा करने के दौरान की गई मारपीट की उलमा ने कड़ी निंदा की है। संस्था के तंजीम व तरक्की विभाग के कार्यवाहक प्रभारी अशरफ उस्मानी ने कहा कि मौलाना अय्यूब कासमी के साथ मारपीट की घटना निंदनीय है। दारुल उलूम के सफीर पूरे मुल्क में दारुल उलूम के दस्तूर के मुताबिक अपना काम बड़ी ईमानदारी के साथ कर रहे हैं। कभी ऐसा नहीं हुआ कि किसी सफीर के साथ इस प्रकार की घटना घटित हुई हो। फतवा ऑनलाइन के प्रभारी मौलाना मुफ्ती अरशद फारुकी का कहना है कि मौलाना अय्यूब कासमी पिछले लंबे समय से दारुल उलूम के लिए काम कर रहे हैं। जिनका मिजाज भी बेहद शांत और सादा है। उनके साथ इस प्रकार की मारपीट की घटना बेहद शर्मनाक है। अरबी के प्रसिद्ध विद्वान मौलाना नदीमुलवाजदी का कहना है कि मौलाना अय्यूब कासमी के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने चाहिए।