सहारनपुर। जिले के रेलवे के इतिहास में पहली बार एक दिन में 49 मालगाड़ियों को गुजारा गया। जिसके चलते सुबह से शाम तक रेलवे स्टेशन धड़धड़ाता रहा। सकुशल संचालन के लिए सहारनपुर को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 155 ट्रेनों का संचालन हो रहा है। जबकि दो तीन माल गाड़ियों का भी आवागमन रहता है, लेकिन बृहस्पतिवार को सहारनपुर रेलवे स्टेशन से होकर नियमित एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों के साथ-साथ मालगाड़ियों को भी गुजारा गया। एक के बाद एक करके दो चार नहीं बल्कि 49 मालगाड़ियों को सहारनपुर रेलवे स्टेशन से गुजारा गया। इस दौरान एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों के समय को भी प्रभावित नहीं होने दिया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रेलवे के इतिहास में अंबाला डिवीजन के किसी भी स्टेशन से इतनी मालगाड़ियों को नहीं गुजारा गया। क्षेत्रीय अधिकारी नरेश कुमार की देखरेख में इन ट्रेनों का संचालन किया गया। जिसको लेकर अंबाला एवं मुरादाबाद डिवीजन के स्टेशनों को पुरस्कृत भी किया गया। अंबाला डिवीजन के डीआरएम दिनेश शर्मा ने भी सहारनपुर रेलवे स्टेशन के प्रबंधन की सराहना की। इसके लिए रेलवे के जोनल हेड ऑफिस द्वारा सहारनपुर रेलवे स्टेशन को पांच हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।