सहारनपुर। अवैध निर्माणों पर कार्रवाई में प्राधिकरण काफी शिथिलता बरत रहा है। कोर्ट रोड पर पार्किंग की जमीन पर किए गए कामर्शियल अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए महाराष्ट्र के के अहमदनगर के एमपी को प्राधिकरण अधिकारियों को पत्र लिखना पड़ा है। कोर्ट रोड पर पार्श्वनाथ प्लाजा के ठीक सामने माया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स है, जिसमें एक जूते का शोरूम बना है। प्राधिकरण के सूत्रों ने बताया कि शोरूम के पीछे गोदाम और मार्केट की पार्किंग है। बताया गया है कि एक व्यापारी ने पार्किंग की भूमि पर आवासीय नक्शा पास करा लिया। इतना ही नहीं, आवासीय नक्शा पास कराने के बाद कामर्शियल निर्माण करा लिया गया है। मामले में प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत भी की गई है। प्राधिकरण के अधिकारी काफी दिन से जांच चलने की बात कह रहे हैं। इसी बीच महाराष्ट्र के अहमदनगर के एमपी दिलीप कुमार गांधी का पत्र प्राधिकरण पहुंचा है, जिसमें वीसी से अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही गई है।
कोर्ट रोड पर पार्किंग की जगह पर गलत तरीके से नक्शा पास कराकर निर्माण कर लेने का मामला मेरे संज्ञान में है। इसमें महाराष्ट्र के सांसद दिलीप कुमार गांधी का पत्र भी प्राप्त हुआ है। मामले की जांच चल रही है। यदि निर्माण अवैध हुआ तो निश्चित रूप से ध्वस्त कराया जाएगा।
मनोज कुमार, वीसी, एसडीए।