सहारनपुर। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति में फिर से पेंच फंसता नजर आ रहा है। विभाग द्वारा जारी की गई वरीयता सूची में अनेक खामियां हैं, जिनपर शिक्षक संगठन अपनी आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। शिक्षक संगठनों ने सूची में बिना संशोधन हुए पदोन्नति को स्वीकार न करने की बात कही है।
प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त प्रधान अध्यापकों के पदों तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक पदों पर पदोन्नत किया जाना है। तीन साल पहले यह प्रक्रिया शुरू की गई थी, तब से तीन बार शिक्षकों की वरीयता सूची जारी हो चुकी है। जिसमें हर खामियां निकलने की वजह से पदोन्नति नहीं हो पा रही है। अब फिर वरीयता सूची फिर सवालों के घेरे में है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संदीप सिंह पंवार ने बीएसए को ज्ञापन सौंपते हुए सूची में संशोधन की मांग की है। बताया कि सूची में 72 हजार की भर्ती वाले तथा अगस्त 2014 में भर्ती बीटीसी शिक्षकों को सूची में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने सूची संशोधित कराकर पदोन्नति कराने की मांग की है। बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि विभाग पदोन्नति को लेकर पूरी तरह गंभीर है। वरीयता सूची पर आपत्ति आई है, जिसपर विचार किया जा रहा है।