गंगोह (सहारनपुर)। गाजियाबाद में पढ़ने वाले नगर निवासी बीटेक के छात्र वैभव सैनी की संदिग्ध मौत का मामला लखनऊ जा पहुंचा है। सहारनपुर भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा और गंगोह विधायक प्रदीप चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख गृह सचिव से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
बता दें कि गंगोह निवासी वैभव सैनी गाजियाबाद के इंजीनियरिंग कालेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। 4 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में 18 वीं मंजिल से गिरकर उसकी मौत हो गई थी। परिजनों के अनुसार पुलिस मामले को आत्महत्या बता रही है, जबकि उनके अनुसार वैभव की हत्या की गई है। वैभव की विधवा मां अनीता का कहना है कि वैभव के साथियों ने ही 18 वीं मंजिल से फेंककर वैभव की हत्या की है। गाजियाबाद के थाना विजयनगर की पुलिस ने वैभव को डिप्रेशन में होने की बात कहकर मामले को आत्महत्या बताते हुए उनकी प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की। आरोप है कि पुलिस ने सांठगांठ कर मामले को दबा दिया है। अनीता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ट्वीट कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई थी। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा सांसद एवं विधायक ने प्रमुख सचिव गृह उत्तर प्रदेश शासन को पत्र लिखकर वैभव सैनी की हत्या की आशंका के दृष्टिगत निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच कराने की मांग की है। पत्र में पीड़ित मां को न्याय दिलाने और कृत कार्यवाही से अवगत कराने की बात भी कही है।