परिणाम भांपने में लगे रहे प्रत्याशी
नकुड़ (सहारनपुर)। नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद प्रशासन ने मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तहसील क्षेत्र की पांचों निकायों के लिए केएलजीएम इंटर कालेज में शुक्रवार को प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। वहीं, बुधवार को चुनाव होने के बाद सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत की गुणा-भाग में लगे रहे।
तहसील क्षेत्र की तीन नगर पालिकाओं और दो नगर पंचायतों के लिए शुक्रवार को केएलजीएम इंटर कालेज में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। रजिस्ट्रार कानूनगो योगेश ने बताया कि नकुड़ नगर पालिका के लिए अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए पांच-पांच टेबल, गंगोह के लिए अध्यक्ष पद के लिए 11 तथा सदस्य के लिए दस, सरसावा अध्यक्ष पद के लिए छह तथा सदस्य के लिए पांच, तीतरों नगर पंचायत के लिए अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए दो-दो तथा अंबेहटा के लिए अध्यक्ष पद के लिए तीन और सदस्य पद के लिए दो टेबिल लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होकर परिणाम आने तक जारी रहेगी। एसडीएम अमित आसेरी ने बताया कि मतगणना के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
उधर, बृहस्पतिवार को निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद से लेकर सभासद पद के प्रत्याशी अपनी-अपनी हार जीत के आंकड़ों में उलझे दिखाई दिए। समर्थक इधर-उधर से मतदान की जानकारी लेकर अपने हार जीत के दावों में लगे रहे। जीत के दावे कर रहे प्रत्याशियों ने तो जश्न तक की तैयारियां भी कर ली हैं।