रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। नगर निकाय चुनाव की मतगणना शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली। रामपुर मनिहारान की मतगणना पांच राउंड व नानौता नगर निकाय की मतगणना छह राउंड तक चलेगी। मतगणना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
रामपुर मनिहारान में 15 वार्ड व नानौता नगर पंचायत में 13 वार्ड की मतगणना का कार्य एक दिसंबर को गोचर कृषि इंटर कालेज के हॉल में सुबह 8 बजे शुरू होगा। रामपुर मनिहारान के 26 बूथों पर अध्यक्ष के लिए छह टेबिल जबकि सदस्य पद की मतगणना के लिए चार टेबिल लगाई गई हैं। जबकि नानौता के 23 बूथों पर अध्यक्ष व सदस्य पद की मतगणना के लिए 4-4 टेबिल लगाई गई है। वोटों की गिनती शुरू होने के बाद सुबह 11 बजे तक पहला रुझान आने की उम्मीद है। स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल पर पुलिस व पीएसी बल तैनाती कर दी गई है। बृहस्पतिवार की सुबह रिटर्निंग ऑफिसर डा. सौरभ राजपूत ने मतगणना स्थल का जायजा लेकर मतगणना की जानकारी दी।