सहारनपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम न नवरात्र के उपलक्ष्य में दुकानों पर बेचे जा रहे कुट्टू के आटे के नमूने लिए तो हंगामा हो गया। दुकानदारों ने कार्रवाई पर विरोध जताया। टीम ने बेसन का एक नमूना और कुट्टू के आटे के चार नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में नवरात्रि के मद्देनजर उपवास में प्रयोग होने वाले कुट्टू और सिंघाड़े के आटे की जांच के लिए छापामार कार्रवाई की। टीम ने श्यामलाल तल्हेड़ी से बेसन का नमूना लिया। इसके बाद शहर के खलासी लाइन स्थित प्रवेश कुमार के अग्रवाल प्रोविजन स्टोर से कुट्टू के आटे का सेंपल लेकर सील किया। खलासी लाइन के ही राजीव गुप्ता के यहां से भी कुट्टू के आटे का नमूना लेकर सील किया। इसके अलावा टीम ने कोर्ट रोड पर इंदर कुमार के संजय प्रोविजन स्टोर से भी कुट्टू के आटे का नमूना लेकर सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। खलासी लाइन और कोर्ट रोड पर दुकानदारों ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। दुकानदारों का कहना है कि विभाग के अधिकारी कुछ ही दुकानों के सैंपल ले रहे हैं। जबकि पूरे शहर में कुट्टू और सिंघाड़े का आटा खुलेआम धड़ल्ले से बिक रहा है। जहां आटा बनाया जा रहा है टीम ने वहां एक बार भी जाकर जांच नहीं की है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा का कहना है कि जहां से भी शिकायत मिल रही है, टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई की जा रही है। खाद्य पदार्थ को मौके पर ही सील किया जा रहा है और दुकानदार से हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं।