फसलों को कीट से बचाएगा ट्राइकोग्रामा कार्ड
सहारनपुर। गन्ना सहित अन्य फसलों में तना छेदक सहित अन्य बेधक कीटों पर नियंत्रण पाने के लिए ट्राइकोग्रामा कार्ड काफी मुफीद साबित हो रहा है। इसके मादा कीट हानिकारक कीटों के अंडों को खाकर नष्ट कर देते हैं। साथ ही किसानों को यह काफी सस्ता भी पड़ता है।
कृषि विज्ञान केंद्र के सह निदेशक फसल सुरक्षा डॉ. आईके कुशवाहा ने बताया कि ट्राइकोग्रामा कार्ड पर मित्र कीट के अंडे चिपके होते हैं। इसमें 16 से 20 हजार परजीवी के अंडे लगे होते हैं। इन अंडों से निकलने वाले परजीवी मित्र कीट फसल पर लगे हुए हानिकारक अंडों के पास ही अपने अंडे देते हैं। जिससे वह वयस्क होकर हानिकारक कीटों के लार्वा को समाप्त कर देते हैं। इससे हानिकारक कीट समाप्त हो जाते हैं।
ट्राइकोग्रामा कार्ड लगाने की विधि
एक ट्राइको कार्ड में दस खांचे होते हैं। प्रत्येक खांचे को अलग करके फसल की पत्तियों की निचली सतह पर स्टेपलर की सहायता से लगा देते हैं। इसमें यह ध्यान रखना चाहिए कि अंडे वाला हिस्सा जमीन की तरफ हो। कार्ड लगाने के लिए यह देखना भी आवश्यक है कि कार्ड लगने के कम से कम एक सप्ताह पूर्व कीटनाशकों का छिड़काव ना हुआ हो। इसे लगाने के एक हफ्ते बाद भी कीटनाशकों का स्प्रे नहीं होना चाहिए।