सहारनपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंडल में 113 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान फल-सब्जी के 57 सैंपल लिए गए। सबसे ज्यादा निरीक्षण शामली में हुए, लेकिन यहां मात्र नौ ही सैंपल संग्रहित किए गए। सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रथम अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की अपर मुख्य सचिव ने फल व सब्जियों के सर्विलांस नमूना अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। उसी के तहत पिछले सप्ताह सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने नवीन मंडी में अलग-अलग दुकानों का निरीक्षण किया। सहारनपुर में टीम ने 30 दुकानों से 24 सैंपल लिए। इसी तरह मुजफ्फरनगर में भी 30 दुकानों का निरीक्षण हुआ और यहां से 24 नमूने संग्रहित किए गए। शामली में सर्वाधिक 53 दुकानों का निरीक्षण किया गया, लेकिन यहां टीम ने नौ ही फल व सब्जी के नमूने संग्रहित किए।
इनके हुए सैंपल
खरबूजा, तरबूज, आम, केला, सेब, अंगूर, पपीता, भिंडी, लोकी, तरोई, खीरा, कद्दू, टिंडा, टमाटर, बैंगन, करेला, फूल गोभी, पत्ता गोभी, मिर्च, हरा धनिया आदि।
आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य, पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके, इसके लिए मंडल में सर्विलांस नमूने की कार्रवाई की गई है। टीम ने निरीक्षण किया। इन सभी को कृत्रिम रंग व पेस्टिसाइड की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद उसी के आधार पर विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अशोक कुमार शर्मा, सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रथम