चिलकाना (सहारनपुर)। खनन से लदे वाहन की चपेट में आने से ससुराल एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साये ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया। सीओ ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद ही शव को सड़क से उठवा कर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। उधर हादसे के बाद चालक डंपर को छोड़ मौके से फरार हो गया।
गांव फतेहपुर थाना नकुड निवासी शौकीन (29) पुत्र अख्तर चिलकाना से गांव पटनी अपनी ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने आ रहा था। शाम छह बजे चिलकाना-पटनी मार्ग पर पीछे से आ रहे एक खनन से भरे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। डंपर की चपेट में आने से शौकीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर को छोड़ मौके से फरार हो गया। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा जाम खुलवाने का प्रयास किया। जाम लगा रहे ग्रामीणों का कहना था कि खनन से भरे वाहनों का संचालन बंद किया जाए तथा खनन से भरे वाहन दिन में ना चल कर रात्रि के समय चलाए जाएं, जिससे लगातार हो रहे हादसों से छुटकारा मिल सके। जाम लगा रहे ग्रामीण उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर अनिल कुमार, सीओ सदर चौब सिंह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलवाने तथा खनन वाहनों को रात्रि में ही चलाने का आश्वासन दे कर रात आठ बजे जाम खुलवाया। दो घंटे तक जाम लगने से सहारनपुर-चिलकाना मार्ग पर आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा भर कर पीएम पर भेजा जा रहा है। मृतक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।