सहारनपुर। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों पर किए गए हमले की राजनीतिक दलों ने निंदा की है। घटना पर दुख जताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
सहारनपुर शहर से सपा विधायक संजय गर्ग का कहना है कि आतंकी हमले में सीआरपीएफ के जवान शहीद होने पर मन दुखी हुआ। पूरा देश वीर शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है। भविष्य में ऐसा हमला न होने पाए, इसके लिए केंद्र सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर का कहना है कि सीआरपीएफ के जवानों पर हुआ आतंकी हमला निंदनीय है, आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आतंकी फिर ऐसा दुस्साहस न कर सकें।
भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप का कहना है कि शहीद जवानों के परिजनों के साथ संवेदना है, हर देशवासी शहीद जवानों के परिवार के साथ है। आतंकियों को करारा जवाब देने के लिए सरकार कदम उठाएगी।
पद्मश्री भारत भूषण का कहना है कि वीर सैन्यबलों का दुर्भाग्य है कि उन्हें बाहर के साथ ही भीतर पल रहे शत्रुओं से भी जूझना पड़ता है। शत्रु समर्थक अलगाववादी भी राष्ट्रीय शत्रु हैं। सैन्य बलों को ऐसे लोगों को भी हमलावर के अंजाम तक पहुंचाने की आजादी तत्काल देना जरूरी है।