गंगोह (सहारनपुर)। मजदूरी के पैसे मांगने पर एक युवक को धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को नाजुक हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित की पत्नी ने दो सगे भाइयों सहित तीन के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला मोहम्मद गौरी निवासी नाजमा पत्नी कलीम ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका पति कलीम बृहस्पतिवार शाम मोहल्ले के ही एक व्यक्ति से अपनी मजदूरी के 2400 रुपये लेने गया था। आरोप है आरोपी ने रुपये मांगने पर कलीम के साथ गाली गलौच करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने भाई और भतीजे के साथ मिलकर कलीम पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इसमें कलीम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी चीखपुकार सुनकर वहां लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने उसे आरोपियों से बचाया। कलीम को सीएचसी में भर्ती कराया गया मगर गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।