देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर किसी वाहन की चपेट में आकर साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी अनीस (24) शुक्रवार को साइकिल द्वारा किसी काम से साईं धाम मंदिर की तरफ जा रहा था। जब वह नवीन मंडी के निकट पहुंचा तो इसी दौरान पीछे आए किसी वाहन ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इस दुघर्टना में अनीस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शनाख्त होने के बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना दी गई। बाद में पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, मृतक अनीस की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाल अभिषेक सिरोही ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।