सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया जाना है। इसके लिए पीएमसी (प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट) ने 165 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया है। बृहस्पतिवार को नगरायुक्त के समक्ष प्रेजेंटेशन हुई, जिसमें कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के तहत संचालित होने वाले कार्यों के बारे में विस्तार से बताया गया।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर नगरायुक्त के कार्यालय की बगल में बनाया जा रहा है। इस सेंटर से पूरे शहर की यातायात व्यवस्था, लाइटिंग की व्यवस्था और अन्य सेवाएं संचालित की जाएंगी। पीएमसी ने पिछले सप्ताह ही डीपीआर बनाकर जमा कराया है। कुल 165 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बनाया गया है, जिसके तहत सभी चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने हैं। लाइटिंग और यातायात की व्यवस्था भी इसी सेंटर से संचालित होगी। ट्रैफिक सिग्नल ऑटोमेटिक होंगे, जिनके बाद चौराहों पर तैनात यातायात पुलिस की संख्या घट जाएगी। साथ ही अन्य सेवाएं भी सेंटर से ही संचालित होंगी। बृहस्पतिवार की शाम पीएमसी ने नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के समक्ष पूरे प्रोजेक्ट की प्रेजेंटेशन दी।
---------------------------------
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को लेकर पीएमसी ने 165 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया है। बृहस्पतिवार को प्रेजेंटेशन हुई, जिसमें उन्होंने सेंटर के तहत संचालित होने वाली सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। प्रोजेक्ट काफी हद तक अच्छा है। हालांकि अभी टेक्निकल कमेटी इसका अवलोकन करेगी।
- ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त।