इरादे मजबूत कर सशक्त बनें बेटियां
सहारनपुर। अमर उजाला के अपराजिता अभियान के तहत बृहस्पतिवार को हिंदू कन्या इंटर कालेज में हुए कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इरादे मजबूत करके ही बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगी और सशक्त हो पाएंगी। विषम परिस्थितियों का हिम्मत से सामना करना जरूरी है। इस दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए भी प्रशिक्षण दिया गया। अलग-अलग क्षेत्रों में संघर्ष से सफलता पाने वाली महिलाओं ने कहा कि छात्राएं विपरीत परिस्थितियों का डटकर मुकाबला करेंगी तो वे जरूर अपराजिता बनेंगी।
यूपी ताइक्वांडो सचिव सरिता प्रजापति अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में पहुंचीं। उनकी टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ रही बेटियों और अन्य महिलाओं को कई सामाजिक समस्याओं से भी जूझना पड़ रहा है। उन्हें छेड़छाड़, दुष्कर्म सहित अन्य अपराधों का सामना करना पड़ रहा है। सरिता प्रजापति ने कहा कि छेड़छाड़ जैसी स्थिति पर चुप न रहें बल्कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेकर आपात स्थिति में मुकाबला करें। ऐसे प्रयासों से इन घटनाओं में कमी आएगी।
छात्राओं को बताया गया कि विषम परिस्थितियों में उनके पास जो भी चीज है, उसे हथियार बना लें। फिर चाहे उनके पास हेयर पिन हो, पैन हो, कंघा, सेफ्टी पिन या मोबाइल फोन को भी हथियार के रूप में इस्तेमाल करें। मोबाइल फोन को दुपट्टे में बांधकर उससे ही हमला कर दें। ट्रेन, बस और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में किसी के जानबूझकर छूने पर उससे खुद को दूर करने की बजाय उसे तेज आवाज में बोलते हुए धक्का दें, जिससे अन्य लोग उसे सबक सिखा सकें। मिस इंडिया फिजिक संजना ने कहा कि छात्राएं किसी भी परेशानी के समय माता-पिता और बड़े भाई-बहनों को अपनी पीड़ा जरूर बताएं। छिपाने का प्रयास न करें।
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता फरहा फैज ने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों को तभी प्राप्त कर सकती हैं, जब वे हिम्मत दिखाएं। फिर चाहे वे घर में हों या बाहर। अध्यक्षता कर रहीं प्रिंसिपल डा. कुदसिया अंजुम ने भी छात्राओं का मार्गदर्शन कर उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप हर क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं को प्रशिक्षण देने में सरिता प्रजापति के साथ मोहम्मद मुस्तकीम अंसारी, अमित कुमार और प्रवेश सैनी शामिल रहे। कार्यक्रम में स्कूल की अध्यापिकाएं और काफी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। आयोजन में पहुंचे अतिथियों ने अभियान को अच्छी पहल बताते हुए इसे काफी सराहा।