हर्षोल्लास से निकाली गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की भव्य शोभायात्रा
देवबंद (सहारनपुर)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर में श्री पंचायती ठाकुरद्वारा सभा के तत्वावधान में बैंडबाजों, अखाड़ों कीर्तन मंडली और आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
मोहल्ला छिंपीवाड़ा स्थित श्रीकृष्ण रथशाला पर सुबह के समय विधि विधान से रथों का पूजन किया गया। रथशाला से ठाकुरद्वारा मंदिर तक स्वर्णिम रथ पर सारथी बनने का सौभाग्य संदीप गर्ग एवं हनी गर्ग को सर्वाधिक बोली 11 हजार लगाकर प्राप्त हुआ। लड्डू गोपाल की बोली 5001 रुपये में पंडित लक्ष्मीचंद को प्राप्त हुई। रामलीला मैदान में स्वर्णिम रथ पर सारथी का सौभाग्य सहारनपुर के रामकुमार गोयल को सर्वाधिक 1 लाख 51 हजार बोली लगाकर प्राप्त हुआ। इसी प्रकार स्वर्णिम रथ पर प्रभु को दायी चंवर डुलाने की बोली 41 हजार रुपये में विरेंद्र कुमार, अजय कुमार और बायीं ओर की 55 हजार रुपये की शुभम कुमार व विशाल कुमार को प्राप्त हुई।
स्वर्णिम रथ के साथ भगवान लड्डू गोपाल के प्रसाद रथ का सारथी बनने का सौभाग्य 41 हजार रुपये की बोली बोलकर रामकुमार गोयल को प्राप्त हुआ। इसी तरह दांयी ओर प्रसाद वितरण का सौभाग्य दस्तावेज लेखक सीताराम गर्ग और बायीं ओर 25 हजार रुपये की बोली अंकुर, अक्षय, राहुल ने लगाकर अपनी नाम कराई। मुनीम की बोली 15 हजार रुपये बोलकर श्री बालाजी ऊन भंडार ने प्राप्त की। शाम करीब साढ़े छह बजे श्री पंचायती ठाकुरद्वारा मंदिर से शोभायात्रा आरंभ हुई। इसमें धर्म ध्वजा लिए बच्चे घोड़ों के साथ सबसे आगे चल रहे थे। शोभायात्रा ठाकुरद्वारा मंदिर से आरंभ होकर अनाज मंडी, एमबीडी चौक, मेन बाजार, सर्राफा बाजार, हनुमान चौक, मित्तर सैन चौक, राधा वल्लभ मंदिर, चौकी मंगलौर, जीटी रोड से होकर दुर्गाकुंड पहुंची जहां कंस का वध उपरांत शोभायात्रा यूनियन तिराहा, शाहजीलाल और टाकान से होती हुई ठाकुरद्वारा मंदिर पर आकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में एसडीएम ऋतु पूनिया, सीओ सिद्धार्थ सिंह, अजय गोयल, राधेश्याम गर्ग, नीरज कंसल, विनोद प्रकाश गुप्ता, अशोक गुप्ता, विनोद गुप्ता, राजपाल सिंह, अजय सिंघल, मनोज सिंघल, नीरज गोयल, अरूण गोयल, नीरज गर्ग, तुषार मित्तल, मुकेश धवन, सुनील कश्यप, राजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे।
शोभायात्रा के मद्देनजर चाक-चौबंद रही पुलिस व्यवस्था
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली गई शोभायात्रा में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। एसडीएम ऋतु पूनिया, सीओ सिद्धार्थ सिंह व कोतवाल अभिषेक सिरोही पुलिस फोर्स के साथ शोभायात्रा के साथ-साथ चलते रहे। अधिकारियों के मुताबिक पीएसी और कोतवाली पुलिस को भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है।
श्री रामकृष्ण लीला अखाडे़ का शुभारंभ
श्रीराम चौक नेचलगढ़ में श्री रामकृष्ण लीला अखाड़े का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन भाजपा नेता वैभव अग्रवाल ने फीता काटकर किया। अखाड़े के अध्यक्ष अरुण लाला व खलिफा कन्हैया कुमार ने वैभव अग्रवाल को पगड़ी, पटका व गदा भेंट कर स्वागत किया। युवाओं ने तलवार, बल्लम, त्रिशुल और गदा चलाकर दिखाया। इस मौके पर उमेश सैनी, लक्की सिंघल, ऋषि कपूर, सहदेव सिंह, सचिन सैनी, राहुल सिंघल, शुभम गर्ग, भानू खुराना, प्रवीन मित्तल, नरेंद्र बंसल, अनुज वर्मा, शेखर वर्मा, सोनू पाल, राकेश, गोपाल गर्ग आदि रहे।