नानौता (सहारनपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव पीड़ा पर भर्ती कराई गई महिला को चिकित्सकों ने दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। महिला और उसके परिजन सीएचसी के गेट पर पहुंचे और वाहन के आने का इंतजार कर रहे थे, तभी महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। बाद में चिकित्सकों ने महिला को सीएचसी में ही भर्ती कर लिया।
बृहस्पतिवार को मोहल्ला छत्ता निवासी एक महिला को उसके परिजनों ने प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी में भर्ती कराया। रात लगभग आठ बजे चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए परिजनों से किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने के लिए कहा। महिला को लेकर परिजन अस्पताल के गेट पर आ गए और दूसरे अस्पताल में जाने के लिए किसी एंबुलेंस के आने का इंतजार करने लगे।
इसी दौरान महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई और उसने अस्पताल के गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। यह देख सीएचसी के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तुरंत महिला को फिर से अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल मां और बच्चे की हालत सही बताई जा रही है। इस मामले में चिकित्सकों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन चिकित्सकों से संपर्क नहीं हो सका।
------